शामली। प्रदेश सरकार के गन्ना विकास, चीनी मिल एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से देश का मान-सम्मान बढ़ रहा है। देश विकास की राह पर अग्रसर है। कई योजनाएं जनहित में लागू की गई हैं, जिनसे आमजन को लाभ हुआ है।
सोमवार को शामली में बीएसएनएल की ओर से सबका साथ सबका विकास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में हर वर्ग का हित सुरक्षित है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते तीन साल के दौरान जितने कार्य किए, उतने किसी की सरकार में नहीं हुए। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना सहित अनेक योजनाओं का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी किसान, गरीब, मजदूरों के हित में कार्य कर रहे हैं। गन्ना मूल्य बकाया भुगतान को लेकर प्रदेश सरकार सख्त है।
14 दिन के भीतर भुगतान नहीं करने वाली चीनी मिलों को ब्याज का भुगतान करना होगा। अगले गन्ना सीजन में ऐसी व्यवस्था कर दी जाएगी कि कोई भी शुगर मिल गन्ना मूल्य भुगतान में 14 दिन से ज्यादा समय नहीं लगा पाएगी। शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल और भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी केंद्र तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं का खूब गुणगान किया।
उधर, मुजफ्फरनगर से आए बीएसएनएल के महाप्रबंधक बाबूराम ने बीएसएनएल की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाला दौर 4जी प्लस का है, जिसके लिए बीएसएनएल भी तैयारी में लगा है।
बीटीएस बढ़ाएंगे तथा वाईफाई हॉट स्पाट बढ़ाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया के कार्यक्रम के तहत नेशनल ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क (नोफन) प्रोजेक्ट में हर ग्राम पंचायत को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़कर इंटरनेट की सुविधा दी जाएगी। कृषि और किसानों से संबंधी समस्त डाटा उस पर उपलब्ध रहेगा।
शामली जिले में कैराना और कांधला ब्लाक क्षेत्र में तेजी से कार्य चल रहा है। कैराना ब्लाक क्षेत्र में 70 प्रतिशत कार्य हो चुका है। इस दौरान भाजपा नेता संजीव जैन सिक्का, शशि अरोरा, उपमहाप्रबंधक (प्रशासन) महक सिंह, उपमहाप्रबंधक (वित्त) एसके पांडेय, मंडलीय अभियंता एवं नोडल अधिकारी पीएस देशवाल, उपमंडल अभियंता रामलाल वर्मा, एससी शर्मा, कविता बंसल, कुलश्रेष्ठ, जयराम, कृष्णपाल, महिपाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।