शामली बुढ़ाना रोड पर निरीक्षण करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। मेरठ- करनाल मार्ग पर उत्तर रेलवे द्वारा प्रस्तवित ओवर ब्रिज के निर्माण आसान नहीं लग रहा है। बुढ़ाना रोड पर ओवर ब्रिज के लिए 22 मीटर भूमि की जरूरत है, किंतु मौके पर मात्र 12 मीटर भूमि उपलब्ध है।
मेरठ-करनाल हाईवे पर बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक पर 700 मीटर लंबाई और 22 मीटर चौड़ाई वाला ओवर ब्रिज बनना है। इस संबंध में उत्तर रेलवे के निर्माण खंड भूमि कम बताकर उत्तर प्रदेश सेतु निगम को अपनी रिपोर्ट भेज चुका था। बृहस्पतिवार को सेतु निगम सहारनपुर मंडल के सहायक अभियंता शाहबुद्दीन खान, उत्तर रेलवे दिल्ली के सहायक अभियंता आरके सिंघल, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एके गुप्ता ने बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक का निरीक्षण किया।
शाहबुद्दीन खान ने बताया कि ओवर ब्रिज के लिए 22 मीटर चौड़ाई, 700 मीटर लंबाई की जमीन का प्रस्ताव है। मौके पर बारह मीटर भूमि है, यदि चीनी मिल उन्हें दस मीटर भूमि दे दे, तो शामली मे बुढ़ाना रोड रेलवे फाटक पर ओवर ब्रिज बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि शामली में ओवर ब्रिज निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भूमि उपलब्ध कराने के जिम्मेदारी दी है। भूमि मिलने के बाद ओवर ब्रिज का इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाएगा। टपरी में ओवरब्रिज प्रस्तावित है।