कांधला रामलीला ग्राउंड में विवाद उत्पन्न होने के बाद दोनों पक्षों को समझाती पुलिस
- फोटो : SHAMLI
रामलीला कमेटी की कृषि भूमि की जुताई पर रार
कांधला। कस्बे में मंगलवार को रामलीला कमेटी की कृषि भूमि पर कराई जा रही जुताई को लेकर रार हो गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने जुताई रुकवाई तो जमकर हंगामा हुआ। जुताई कर रहे पक्ष के लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहीं धरना शुरू कर दिया। बाद में कमेटी के संरक्षक व एमएलसी वीरेंद्र सिंह के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
मंगलवार सुबह श्री रामलीला मैदान कैराना रोड पर कमेटी के सदस्य जुताई का कार्य करने के लिए पहुंचे थे। जिसकी सूचना मिलने पर रामलीला पंचवटी मंडप ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने पुलिस को अपने दस्तावेज दिखाकर रुकवाने की मांग की। उन्होंने पुलिस को बताया कि कमेटी जुताई का कार्य पूर्व में करा चुकी है। कुछ लोग मामले में विवाद करना चाह रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने जुताई रुकवा दी। जिसकी सूचना मिलने पर रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। पुलिस को कमेटी के लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
कार्य रुकवाने के विरोध में कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामले की सूचना रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी के संरक्षक एमएलसी वीरेंद्र सिंह को मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शांति बनाए रखने तथा पुलिस का सहयोग करने की अपील की। एमएलसी से वार्ता करने के बाद रामलीला कमेटी मंडप पंचवटी के सभी कार्यकर्ता लौट गए। प्रकरण में आशुतोष पांडेय ने मेला प्रबंधक सुधीर सैनी के साथ थाने जाकर अपने दस्तावेज दिखाए। साथ ही तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
उधर, दूसरे पक्ष से उपाध्यक्ष मेहरचंद सिंघल ने भी आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जो न्यायालय का आदेश होगा पुलिस पर अमल कराएगी।