राखी वाली खबर से संबंधित फोटो- नेहा
शामली। रक्षाबंधन का त्योहार भले ही भाई-बहन के प्रेम और पारंपरिक रस्मों से जुड़ा हो, लेकिन राखी भेजने का तरीका अब डिजिटल हो गया है। दूर शहरों में रहने वाले भाइयों के लिए बहनें बाजार जाने और डाक या कोरियर से राखी भेजने के बजाय ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सहारा ले रही हैं। एक क्लिक पर पसंद की राखी के साथ मिठाई, चॉकलेट, रोली-चावल और ग्रीटिंग कार्ड भी सीधे भाई के घर पहुंच रहे हैं।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लकड़ी, चांदी, ब्रेसलेट, लाइट वाली और पर्सनल फोटो वाली राखियों की मांग है। कॉम्बो पैक भी बहनों को खूब पसंद आ रहे हैं। ऑनलाइन ऑर्डर से समय और डिलीवरी के अतिरिक्त खर्च की बचत होने के साथ राखी सीधे तय पते पर पहुंच रही है।
-दूरियों के बीच आसान हुआ राखी भेजना
पहले दूसरे शहर में रहने वाले भाई को राखी भेजने के लिए डाक या कोरियर पर निर्भर रहना पड़ता था। अब ऑनलाइन खरीदारी ने यह प्रक्रिया आसान कर दी है। बहनें घर बैठे राखी पसंद कर ऑर्डर कर रही हैं और तय तारीख पर भाई के घर डिलीवरी हो रही है। इससे त्योहार की परंपरा बरकरार रहते हुए उसे मनाने का तरीका जरूर बदल गया है।
बोलीं बहनें
भाई इलाहाबाद में रहता है। रक्षाबंधन पर कम ही जाना होता है, इसलिए ऑनलाइन साइट के जरिये राखी सीधे भाई के पास भेज दी है। पहले राखी खरीदने के लिए बाजार जाना पड़ता था, लेकिन अब घर बैठे पसंद की राखी मिल जाती है। भाई दूर रहता है तो ऑनलाइन ही राखी भेजना सबसे आसान लगता है। - राशि देशवाल
पहले रक्षाबंधन पर जाना नहीं होता था तो राखी भेजने में काफी दिक्कत होती थी। अब एक क्लिक में भाई के पास राखी पहुंच जाती है। ऑनलाइन राखियों में काफी वैरायटी मिलती है। राखी के साथ मिठाई, चॉकलेट और ग्रीटिंग कार्ड भी भेज सकते हैं। इससे समय की बचत होती है और भाई तक राखी भी समय से पहुंच जाती है। - निधि
राखी वाली खबर से संबंधित फोटो- नेहा