शामली/कैराना। सपा और भाकियू ने करनाल रोड पर बिड़ौली यमुना पुल से शामली कलक्ट्रेट तक ट्रैक्टर रैली निकालने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सपा के वरिष्ठ नेता प्रो. सुधीर पंवार ने कृषि कानून की वापसी एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को वैधानिक दर्जा देने की मांग उठाई।
दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के लिए समर्थन जुटाने की मुहिम के तहत बृहस्पतिवार को सुधीर पंवार ने नौनांगली, मालेंडी एवं बंतीखेड़ा में जनसंपर्क अभियान किया। उन्होंने कहा कि इन क़ानूनों के लागू होने के बाद किसान अपने खेत में मजदूर बनकर रह जाएंगे वहीं गरीबों को खाने-पीने की वस्तुओं की महंगाई का सामना करना पड़ेगा। किसानों को कमेटी से भी कोई उम्मीद नहीं है क्योंकि उसके सभी सदस्य कोरपोरेट खेती के समर्थक रहे हैं। बंतीखेड़ा में डा. अहसान, राव ग़फ़्फ़ार, राव तासीन, राव आबाद, राव महबूब, राव हारून, रहीसू, राव सन्नर, भूपेंद्र, महक सिंह, सहेंद्र, बिट्टू कश्यप, आदेश पाल, प्रदीप पाल आदि उपस्थित रहे।
कृषि कानून के विरोध में भाकियू द्वारा आहूत 16 जनवरी की ट्रैक्टर रैली को सफल बनाने के लिए कैराना में बृहस्पतिवार को भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार के नेतृत्व में भाकियू के पदाधिकारियों ने गांव खुरगान, दभेडी खुर्द, गोगवान, बराला, भूरा, बधुपुरा आदि गांवों में जनसंपर्क किया और ट्रैक्टर रैली में अधिक से अधिक किसानों के शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि करनाल रोड पर बिड़ौली यमुना पुल से शामली कलक्ट्रेट तक ट्रैक्टर रैली निकाल कर विरोध प्रकट करेंगे। इस अवसर पर भाकियू के जिला सचिव असजद चौधरी, चौधरी इमरान अहमद एड खुरगान, शमशाद चौधरी, आमिर अली गोगवान, चौधरी मुरसलीन ग्राम प्रधान गोगवान, मौलाना मासूम बधुपुरा, चौधरी नसीम बधुपुरा, आबिद दभेड़ी खुर्द, शराफत दभेड़ी खुर्द आदि मौजूद रहे।