शामली में माजरा रोड पर धूप से बचने के लिए चुनरी से मुंह ढककर जातीं युवतियां । संवाद
शामली। जिले में शुक्रवार को मौसम साफ रहने से सुबह से ही धूप निकली। दिनभर धूप निकलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो-दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। उधर, मौसम वैज्ञानिकों ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 12 से 14 मई तक तेज हवा गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
जिले में मौसम में बदलाव आया है। दो दिन पहले हुई बारिश के बाद लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह से ही धूप निकली। दोपहर में धूप तेज रहने से लोगों को गर्मी महसूस हुई। लोग धूप से बचने के लिए दोपहर में घर से बाहर कम निकले। धूप निकलने के कारण तापमान में भी वृद्धि हुई। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 33 और न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री सेल्सियस बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि 11 मई को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में 12 से 14 मई तक तेज हवा गरज के साथ हल्के से मध्यम वर्षा के आसार है। 14 मई के बाद तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।