शामली। दिल्ली में लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के चलते मंगलवार शाम पांच बजे से यमुना का पुराना उपरिगामी पुल पूरी तरह बंद कर दिया गया। पुल बंद होने से दिल्ली–शामली, सहारनपुर समेत अन्य खंडों की ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया है। अब इन ट्रेनों का संचालन शाहदरा से किया जाएगा।
शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक आशीष सैनी और उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक सुनील धीमान ने बताया कि दिल्ली कंट्रोल बोर्ड ने आदेश जारी कर मध्यरात्रि 12:10 बजे दिल्ली से शामली आने वाली ट्रेनें 54057-58 और 74023 को पूरी तरह स्थगित कर दिया है। वहीं, शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन 74024, को शाहदरा तक ही संचालित किया जा रहा है। शामली से हर रोज दो हजार से अधिक यात्री दिल्ली के लिए अप डाउन करते हैं। ट्रेनें स्थगित होने से उन्हें परेशानी होगी। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन संचालन संबंधी अपडेट जांचने की सलाह दी है।