शामली। जिला अस्पताल में दस दिन तक अल्ट्रासाउंड नहीं होंगे। इसकी वजह यह है कि रेडियोलोजिस्ट डॉ. केके आहुजा दस दिन के अवकाश पर गए हुए हैं। जिला अस्पताल में नियुक्त दूसरे रेडियोलोजिस्ट डॉ. आशीष अग्रवाल गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने अनिवार्य स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया हुआ है। जिले के अन्य किसी सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही लौटना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल को छोड़कर अन्य किसी भी सरकारी अस्पताल में मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिला अस्पताल में एक मशीन पर अल्ट्रासाउंड कराने वाले मरीजों की भीड़ लगी रहती है, लेकिन एक दिन में 30 से 35 अल्ट्रासाउंड ही हो पाते हैं। बाकी मरीजों को डेढ़ से दो महीने बाद की तारीख दी जाती है। जिला अस्पताल में एक ही मशीन पर मरीजों के अल्ट्रासाउंड होते हैं।
जिला अस्पताल में वैसे तो दो रेडियोलोजिस्ट डॉ. केके आहुजा व डॉ. आशीष अग्रवाल नियुक्त हैं। डॉ. आशीष अग्रवाल गंभीर बीमारी से पीड़ित होने के कारण अस्पताल में नहीं आ पाते। डॉ. केके आहुजा दस दिन के अवकाश पर चले गए हैं, जिस कारण मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। अल्ट्रासाउंड न होने से मरीज अस्पताल में भटक रहे हैं। मरीजों को बिना अल्ट्रासाउंड के ही लौटना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड न होने के कारण मरीजों को मजबूरी में प्राइवेट में जांच करानी पड़ रही है।
- ये बोले मरीज :
- कैराना निवासी जमालुद्दीन ने बताया कि वह अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जिला अस्पताल में आया था। यहां आने पर बताया कि अल्ट्रासाउंड करने वाले डाक्टर छुट्टी है। अब बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही लौटना पड़ रहा है।
- गांव सिलावर निवासी कविता ने बताया कि वह अल्ट्रासाउंड कराने के लिए दो दिन पहले भी आई थी। उस दिन भी अल्ट्रासाउंड नहीं हुआ। आज फिर आई तो बताया कि डाक्टर कई दिन की छुट्टी पर हैं।
- गांव टिटौली निवासी रामवती ने बताया वह अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आई थी। यहां आने पर बताया गया कि डाॅक्टर न होने के कारण अल्ट्रासाउंड बंद है। अगले सप्ताह डाक्टर के आने पर ही अल्ट्रासाउंड हो सकेगा। अब उसे बिना जांच कराए ही लौटना पड़ेगा।
- कोट :
जिला अस्पताल में रेडियोलोजिस्ट डॉ. केके आहुजा छुट्टी पर चल रहे हैं। इस वजह से मरीजों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। रेडियोलोजिस्ट के छुट्टी से वापस आने के बाद मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे। -डॉ. अशोक कुमार, सीएमएस जिला अस्पताल।