हजरत मईनुद्दीन चिश्ती की याद में कुरान ख्वानी
कैराना। अजमेर शरीफ के रहने वाले ख्वाजा हजरत मईनुद्दीन चिश्ती अजमेरी रहमतुल्लाह आलेही की याद में पालिका चेयरमैन ने उनकी मीनार के पास कुरान ख्वानी कर उनकी मगफिरत के लिए दुआ कराई। उनका कहना है कि सफर के दौरान कैराना में हजरत मईनुद्दीन चिश्ती ने कैराना में आराम किया था।
धार्मिक स्थल अजमेर शरीफ के रहने वाले बड़े पीर ख्वाजा हजरत मईनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्ला आलेही ने सैकड़ों साल पहले सफर करते समय कैराना के छड़ियान के मैदान में रात के समय आराम किया था। हजरत मईनुद्दीन चिश्ती ने छड़ियान के मैदान में अपनी छड़ी को खड़ा किया था। तभी से उस मैदान का नाम छड़ियान का मैदान रख दिया गया था। कैराना के मरहूम सांसद मुनव्वर हसन ने 1988 में छड़ियान के मैदान के निकट हजरत मईनुद्दीन चिश्ती की याद में एक मीनार बनवाई थी। मंगलवार को पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने कैराना के गण्यमान्य लोगों एवं सभासदों के साथ हजरत मईनुद्दीन चिश्ती की मीनार के पास कुरान ख्वानी कर उनकी मगफिरत के लिए दुआएं मांगी।
मुंशी अनवर ने बताया कि अजमेर शरीफ में ख्वाजा हजरत मईनुद्दीन चिश्ती की मजार मौजूद है। आठ फरवरी से अजमेर में मेला शुरू हो गया था। हजरत मईनुद्दीन चिश्ती का कैराना से लगाव रहा है। उनकी याद में यहां पर एक मीनार बनाई गई है। लेकिन चुनाव की वजह से उनकी मीनार के पास कार्यक्रम नहीं किया जा सका। इस दौरान वार्ड सभासद राशिद उर्फ पोती, मेहरबान अंसारी, शाहिद हसन, गय्यूर, महबूब, दानिश, वाजिद हसन, सालिम व मुंशी अनवर, मोहसिन, पीरजी तौसीफ, वसीम मीर साहब, खुरशेद नंबरदार, चौधरी मतलूब व बिलाल आदि मौजूद रहे।