अधिक मतदान पर सवाल उठाए
शामली, कांधला। बीडीसी सदस्य प्रत्याशी मदन ने ने राज्य निर्वाचन आयोग व डीएम को पत्र भेजकर एक बूथ पर मतगणना के दौरान सौ प्रतिशत से भी अधिक मतदान दिखाए जाने पर सवाल उठाते हुए कार्यवाही करने की मांग की है।
मंगलवार को रामपुर खेड़ी निवासी मदन बीडीसी ने राज्य निर्वाचन आयोग लखनऊ व जिलाधिकारी को भेजी शिकायत में कहा कि कांधला ब्लाक के क्षेत्र पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर 56 से प्रत्याशी था, जिसमें उसे चुनाव निशान अंगूठी मिला था। वहीं, दूसरी ओर विनोद कुमार क्षेत्र पंचायत सदस्य के वार्ड नंबर 57 से उम्मीदवार था, जिसमें उनका भी चुनाव निशान अंगूठी था। क्षेत्र पंचायत वार्ड नंबर 56 में गांव रामपुर खेड़ी के वार्ड नंबर 09 व 10 तथा वार्ड क्षेत्र पंचायत वार्ड नंबर 57 में रामपुर खेड़ी के वार्ड नंबर 11 की वोट थी।
वार्ड संख्या 56 में गांव रामपुर खेड़ी के वार्ड नंबर 9 व 10 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के 57 के वार्ड नंबर 11 की मतपेटी एक ही थी। वोटिंग के दौरान रामपुर खेड़ी के वार्ड नंबर 9 व 10 में 311 में से 216 वोटों का मतदान हुआ था और वार्ड नंबर 11 में 168 में 126 मतों का प्रयोग किया था, जो एक ही मतपेटी में थे। आरोप है कि दो मई को हुई मतगणना के दौरान वार्ड नंबर 09 व 10 में 173 वोट ही दर्शाई गई है। जबकि वार्ड नंबर 11 में 169 वोट दर्शाई गई है। वार्ड नंबर 11 में कुल वोट 168 है। ऐसे में वार्ड में 100 प्रतिशत से भी अधिक मतदान दिखाया गया है। जबकि वार्ड नंबर 09 व 10 में हुई वोटिंग 216 के स्थान पर 173 वोट दर्शाई गई है, जो पड़े मत से 43 कम हैं। ऐसे में उसे अंदेशा है कि उसके क्षेत्र पंचायत सदस्य 56 के वार्ड नंबर 09 व 10 के 43 मतों को क्षेत्र पंचायत सदस्य 57 के उम्मीदवार को दे दिया गया है। उसने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।