शामली क्षेत्र के गांव टिटौली में राशन की दुकान पर राशन लेने के लिए लगी भीड़
- फोटो : SHAMLI
शामली। राशन वितरण महाभियान के तहत नगर पालिका थाना भवन में कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने, नगर पालिका शामली में विधायक तेजेंद्र निर्वाल, ग्राम जासाला में एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने व भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंद्र तोमर ने झिंझाना में उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर पात्र लोगों को खाद्यान्न वितरित किया। जिसमें प्रत्येक लाभार्थी को गेहूं, चावल, खाद्य तेल, दाल और नमक वितरित किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत ई-पॉस से वितरण के समय प्रत्येक उचित दर दुकान पर सेनिटाइजर रखा गया और हाथ धोने के उपरांत ही ई-पॉस मशीन का प्रयोग किया गया।
राशन वितरण के लिए डीलरों ने दुकानों को सजाया
जलालाबाद। अन्नमहोत्सव का शुभारंभ कस्बे की सभी राशन दुकानों पर भाजपा नेताओं ने अंत्योदय कार्ड धारकों को निशुल्क राशन वितरण किया। राशन की सभी 6 दुकानों को राशन डीलरों ने सजाया। राशन डीलर आदेश गर्ग व हर्ष कुमार की दुकान पर लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरित भाजपा नेता मुकेश शास्त्री, हरिओम उपाध्याय, महंत राम बिहारी दास जम्मू वाले, संत किशोरी शरण, नगर पंचायत की नामित सभासद बबली कश्यप ने राशन की दुकान पर अन्न महोत्सव का शुभारंभ किया। राशन यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र भगत ने बताया की जलालाबाद की सभी 6 दुकानों पर भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों ने 50-50 अंत्योदय कार्ड धारकों को गेहूं, चावल, रिफाइंड तेल, नमक, चना निशुल्क वितरित किया। राशन डीलर सलीमुल्ला खां, मंजू सिंह, शाहिदा बेगम, संदीप कुमार की राशन की दुकानों पर भी जनप्रतिनिधियों ने निशुल्क राशन वितरण किया गया। जिला पूर्ति अधिकारी शामली शशिकांत व पूर्ति निरीक्षक दीपा वर्मा ने राशन की दुकानों का निरीक्षण किया।
कार्ड धारकों को वितरित किया खाद्यान्न
झिंझाना। अन्न महोत्सव के ऊन में सलेक चंद वर्मा राशन की दुकान पर पूर्व चेयरमैन एवं रिटायर्ड प्रिंसिपल बृजेश वशिष्ठ , झिंझाना में मनीष की राशन वाली दुकान पर क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक रजनी समेत क्षेत्र के सभी गांवों और शहरी क्षेत्रों की सभी उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर खाद्यान्न वितरित हुआ। क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक रजनी ने बताया कि पहले दिन 50-50 कार्ड धारकों को इस राशन का वितरण निशुल्क कराया गया है। सामान्य रूप से मिलने वाला खाद्यान्न महीने में दो बार पहले की तरह मिलता रहेगा।