शामली। सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह ने नवीन पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को शासन से निर्धारित मानकों के अनुसार सभी सुविधाएं और उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गोरखपुर में प्रशिक्षण केंद्र पर रिक्रूट आरक्षियों द्वारा सुविधाएं न देने समेत गंभीर आरोप लगाए जाने के प्रकरण के बाद बृहस्पतिवार को डीआईजी शामली पहुंचे। डीआईजी ने प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों के साथ प्रेरणादायक सैनिक सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यहां पर 200 रिक्रूट आरक्षी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इसके बाद डीआईजी ने रिक्रूट आरक्षियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र पर मैस, बैरक, प्रसाधन व अन्य आधारभूत सुविधाओं और क्लास रूम का निरीक्षण किया। इस दाैरान उन्हें प्रशिक्षण केंद्र पर आधुनिक तकनीकी का प्रयोग कर हाईटेक क्लासरूम द्वारा रिक्रूट आरक्षियों को प्रशिक्षण देने के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने एसपी रामसेवक गौतम, एएसपी संतोष कुमार सिंह, अन्य पुलिस अधिकारियों के अलावा सभी आउटडोर व इनडोर प्रशिक्षकों के साथ बैठक कर रिक्रूट आरक्षियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने, उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। डीआईजी ने बताया कि प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान कोई भी समस्या न होना बताया गया। उन्होंने सभी रिक्रूट आरक्षियों से कहा कि भविष्य में भी कोई समस्या होने पर उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं। साथ ही कड़ी मेहनत, अनुशासन व समर्पण के साथ उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।