चौसाना/गढ़ीपुख्ता/कांधला। जिले में विद्युत निगम की तरफ से लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को लेकर किसानों में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को किसानों ने जिले मेंं अलग-अलग तीन स्थानों पर स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया।
बिजली उप केंद्र चौसाना पर किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना दिया। साथ ही विद्युत अधिकारियों का घेराव किया। किसानों ने धरने के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं। साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया। वहीं दूसरी ओर किसानों ने मीटर जांच के नाम पर घरों में प्रवेश करने पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही 2023 के बाद किसानों के जमा बिलों को वापस करने की भी मांग की गई। इसके अलावा चौसाना फीटर की बिजली लाइन के तार बदलने की मांग की।
इस दौरान किसानोंं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बंधक बनाकर अपने बीच बैठाए रखा, लेकिन पुलिस को धरने की कोई जानकारी नहीं लगी। धरना सुबह 11 बजे से सवा तीन बजे तक चला। एसडीओ अनिल कुमार ने कहा कि महीने में दो बार उच्चाधिकारी चौसाना उपकेंद्र पर रहेंगे और विद्युत विभाग की समस्याओं का निवारण मौके पर करेंगे।
इस दौरान योगेंद्र, गुलजार, पालेराम, ओमप्रकाश, कमल सिंह, जयपाल, तेजपाल राममेहर, ईश्वर, कंवरपाल, मामू, साहब सिंह, इकराम आदि उपस्थित रहे।
गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव मालेंडी में बिजलीघर पर स्मार्ट मीटर के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता धरने पर बैठे। धरना प्रदर्शन में पहुंचे विकास ग्राम अध्यक्ष, देवराज पहलवान, संजीव, सोकेंद्र चौधरी बातीसका, विशाल तहसील अध्यक्ष, आकाश, आशीष, पूर्व प्रधान सौरव सिंह आदि किसानों ने कहा कि गांव में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया जाएगा। यदि गांव में विभाग स्मार्ट मीटर लगाने की कोशिश करता है तो इसका खामियाजा भी अधिकारियों को भुगतना पड़ सकता है। किसानों ने कहा कि उपभोक्ताओं के गलत बिल निकाले जा रहे हैं और शिकायत करने के बावजूद किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
किसानों ने चेतावनी दी कि अगर विद्युत अधिकारी समस्या का समाधान नहीं करेंगे तो बिजली घर को तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। महिलाओं ने भी बिजलीघर पर पहुंचकर धरने का समर्थन दिया।
कांधला क्षेत्र के कस्बा एलम में किसान एकता केंद्र एवं किसान मजदूर संघर्ष समिति के तत्वावधान में किसानों ने विद्युत विभाग द्वारा निजीकरण एवं स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में पंचायत का आयोजन करते हुए प्रदेश सरकार के नाम एक पत्र भेजा।
डॉ़ जयवीर मलिक के आवास पर हुई पंचायत में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया गया। किसानों का संबोधित करते हुए किसान एकता केंद्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दिए जाएंगे। सरकार की नीति हमारे जीवन में आर्थिक और सामाजिक संकट पैदा करेगी। जिला अध्यक्ष, सुबोध पवार, मास्टर बिजेंद्र ने सरकार को चेतावनी दी। पंचायत में तय किया गया कि 28 सितंबर को शामली कलक्ट्रेट पर किसान पहुंचकर अपना विरोध प्रकट करेंगे। पंचायत में मास्टर रामकिशोर, विक्रम, विक्रांत, वीरसेन,बलबीर, इकबाल सैफी, राजेंद्र, अमित, नरेश पाल, सत्यवीर मौजूद रहे।