शामली। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच पशु चिकित्सकों ने किसानों और पशुपालकों से अपने जानवरों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी है। पशु डाक्टरों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं में पशु आसानी से थक सकते हैं और बीमार पड़ सकते हैं।
जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्रभानु कश्यप ने बताया कि पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए टीनशेड के चारों ओर बोरी से बने पर्दे लगाने चाहिए। पर्दों पर बार-बार पानी का छिड़काव करते रहना चाहिए। कूलर और पंखों की भी व्यवस्था करनी चाहिए। दिन में कम से कम चार बार ताजा व साफ पानी पिलाना चाहिए। किसी भी पशु पर गर्मी का प्रकोप होने पर गुड़ का पानी पिलाना चाहिए। पशु आहार चारे का अधिक उपयोग करना चाहिए। हरे चारे का प्रयोग करने से पहले खेत में हल्की सिंचाई करनी चाहिए। पशुओं को छायादार स्थान पर बांधना चाहिए। समय-समय पर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच करानी चाहिए।