शामली। उगते सूर्य की विशेष पूजा-अर्चना और अर्घ्य देकर श्रद्धालु महिलाओं और पुरुषों ने छठ का व्रत खोला। इस मौके पर घर-परिवार की सुख समृद्धि की मनोकामना मांगी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों से आए श्रद्धालु महिलाएं और पुरुषों ने श्री सूर्य छठ की पूजा अर्चना करके व्रत का शुभारंभ किया। शाम के चार बजे श्री हनुमान धाम के शिवसरोवर के जल में खडे़ होकर अस्ताचल सूर्य की फल फूलों एवं सब्जियों से पूजा अर्चना की।
सोमवार को शहर के हनुमान धाम के शिवसरोवर के जल में उगते सूर्य की श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा अर्चना की तथा अर्घ्य देकर सुख समृद्धि एवं शांति की कामना की। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम किए गए। पूरे दिन हनुमान धाम पर पूर्वांचल और बिहार प्रदेश के श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुरक्षा में पुलिस भी तैनात रही। इस मौके पर पूर्वी उत्तरप्रदेश के सैकड़ों श्रद्धालु महिला, पुरुष मौजूद रहे।