जिला पंचायत बोर्ड की बैठक के 15 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्ताव पास
शामली। जिला पंचायत बोर्ड की सोमवार को हुई बैठक में करीब 15 करोड़ के विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, मृतक बताकर वृद्धों की पेंशन काटने व मुजफ्फरनगर से शामली जिले में शामिल दस गांवों में आयुष्मान कार्ड न बनने का मुद्दा भी उठा। बैठक में ज्यादातर अधिकारी नदारद रहे। जिस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जाहिर की।
जिला पंचायत अध्यक्ष मधु गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में अपर मुख्य अधिकारी मुकेश जैन ने पिछली बोर्ड बैठक के कार्रवाई रखी, जिसकी पुष्टि की गई। वित्तीय वर्ष 2021-22 के वैभव संपत्ति कर की प्रस्तावित सूची का प्रस्ताव रखा गया। बताया गया कि गत वर्ष 2310 करदाताओं पर 42.91 लाख की टैक्स लगाते हुए सूची में शामिल किया गया था। इस साल 2121 करदाताओं पर 32.14 लाख का टैक्स प्रस्तावित करके 189 करदाताओं को राहत दी गई है। पटल पर रखे गए सभी प्रस्तावों पास हो गए।
बैठक में पंचम वित्त, राज्य वित्त व 15वें वित्त में मिले अनुदान से जिला पंचायत अध्यक्ष मधु गुर्जर समर्थक समेत दस सदस्यों के 15 करोड़ रुपये के सीसी रोड, खड़ंजे, नाली के प्रस्ताव पारित किए गए। कांधला ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने वृद्धावस्था पेंशन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जीवित दस वृद्धों को मृतक बताकर उनकी पेंशन काट दी गई। प्रमुख ने पेंशन काटने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई और पात्रों की पेंशन स्वीकृत करने की मांग की। सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी रचना शर्मा को तलब किया, मगर वह बैठक में उपस्थित नहीं थी। सीडीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिला पंचायत सदस्य उमेश पंवार ने सदन में वृद्धावस्था पेंशन के साथ कोरोना से मरने वाले लोगों की सूची तैयार में होने में गड़बड़ी होने की शिकायत करते हुए सत्यापन की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र का गन्ने का बकाया भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। जल्द से जल्द बकाया गन्ना भुगतान दिलाए जाने की मांग की। सदस्यों ने बुटराड़ा, खानपुर, चौसाना के स्कूलों में सिर्फ एक शिक्षक की तैनाती का मुद्दा उठाया। वहां मानक के अनुसार शिक्षकों की तैनाती की मांग की।
जर्जर सड़कें, अंडरपास में जलभराव का मुद्दे भी उठे
जिला पंचायत सदस्य अरविंद पंवार ने भारसी गांव के रास्ते खराब होने, अंडरपास में जलभराव, नहर की पटरी खराब होने का मुद्दा उठाया। विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने सीएमओ डाक्टर संजय अग्रवाल से पूछा कि मुजफ्फरनगर जिले की बुढ़ाना तहसील के दस गांव शामली में शामिल होने के बाद भी आयुष्मान कार्ड की सुविधा क्यों नहीं दी गई है। सीएमओ इस संबंध में कोई जवाब नहीं दे पाए है। उन्होंने कहा कि अंतोदय, प्रधानमंत्री आवास, श्रम विभाग की योजना में शामिल लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। बैठक मे कैैराना के सांसद प्रदीप चौधरी, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, विधायक तेजेंद्र निर्वाल, सीडीओ शभूनाथ तिवारी समेत सभी 19 जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
जिला पंचायत समितियों में विपक्ष को मिला प्रतिनिधित्व
जिला पंचायत की छह समितियों में विपक्ष को भी शामिल किया गया। नियोजन विकास समिति की सभापति मधु गुर्जर, सदस्य के रुप में शर्मिष्ठा, नफीसा, बबली, सुमन, विपक्ष के अरविंद पंवार, विनोद को शामिल किया गया। शिक्षा समिति में सभापति अनिल कश्यप, सदस्य के रुप में नीरज सैनी, डौली, सुमन, बबली, विपक्ष की सदस्य अंजली व सीमा को शामिल किया गया। निर्माण समिति की सभापति नीरज सैैनी, सदस्य शैफाली बबली, सुमन, शर्मिष्ठा, अनिल कश्यप, नफीसा बनाया गया है। स्वास्थ्य कल्याण समिति का सभापति शर्मिष्ठा, सदस्य के रुप में बबली, डौली, सुमन, नीरज सैनी, नफीसा, विपक्ष में अमित को शामिल किया गया।
जनप्रतिनिधि मौजूद, अफसर नदारद
बैठक में ज्यादातर विभागों के अफसर नदारद रहे। सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक तेजेद्र निर्वाल, एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने सीडीओ को निर्देश दिए कि जिला पंचायत की आगामी बैठक में सभी विभाग के अफसर मौजूद रहें। जिससे सदस्यों की समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके।
शामली विकास भवन में आयोजित बोर्ड बैठक में बोलते सांसद प्रदीप चौधरी व एमएलसी विरेन्द्र सिंह व विध?- फोटो : SHAMLI
शामली विकास भवन में आयोजित बोर्ड बैठक में भाग लेते जिला सदस्य- फोटो : SHAMLI