कैराना। कस्बे के कई लोगों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर नीलामी की प्रॉपर्टी खरीदने और मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर करोड़ों की ठगी कर फरार होने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को मोहल्ला आलदरम्यान इकरामपुरा निवासी जावेद, इरफान, अनस, मोहम्मद शाकिर व इरफान ने कोतवाली में अलग-अलग तहरीर दी। जिसमें बताया कि कुछ दिन पहले मोहल्ले का ही एक युवक उनके पास आया था। उसने बताया था कि वह सोनीपत, पानीपत आदि बड़े शहरों में प्रॉपर्टी का काम करता है। कैराना का माहौल खराब है, इसलिए वह बाहर बड़ी-बड़ी नीलामी की प्रॉपर्टी खरीदता है। जिसमें करोड़ों की बचत हो जाती है। उस पर विश्वास करते हुए इरफान ने अपने बैंक खाते से अलग-अलग समय में करीब 40 लाख रुपये, जावेद ने करीब 18 लाख, अनस ने करीब 5 लाख 20 हजार, मोहम्मद शाकिर ने साढ़े 17 लाख व दूसरे इरफान ने साढ़े 8 लाख रुपये दिए थे। आरोप लगाया है प्रॉपर्टी डीलर उनके साथ जालसाजी करते हुए उनके सहित अन्य लोगों के करोड़ों हड़प कर अपनी पत्नी व बच्ची के साथ फरार हो गया। सभी ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और रकम वापस दिलाने की मांग की है। मामले में कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान का कहना है कि कुछ लोगों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर प्रॉपर्टी खरीदने तथा मुनाफा देने के नाम पर रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। तहरीर आई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
किसी ने खाते से ट्रांसफर की तो किसी ने नकद दिए रुपये
पीड़ितों ने पुलिस से बताया कि कुछ लोगों ने अपने खाते से रकम ट्रांसफर की हैं तो कुछ ने नकद रुपये दे रखे हैं। वहीं एक युवक के पास रुपये देने की वीडियो और कॉल रिकॉर्डिंग भी हैं। आरोपी ने उन्हें बड़े शहरों के हाई प्रोफाइल इलाकों में नीलामी की प्रॉपर्टी खरीदकर बड़े मुनाफे का लालच दिया गया था। उन्हें कम समय में लखपति बनने के सुनहरे सपने दिखाए गए थे।
भाई ने कराई थी गुमशुदगी दर्ज
जिस प्रॉपर्टी डीलर पर लोगों ने करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। गत 22 फरवरी को उसी के भाई ने रात के समय अपने भाई, भाभी व भतीजी के घर से लापता होने की कोतवाली में तहरीर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने युवक की तहरीर पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।