शामली। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत शामली विधानसभा क्षेत्र में 29 मतदेय स्थलों और 12 मतदान केंद्रों के भवनों को बदलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
जर्जर भवनों के कारण इन मतदेय स्थलों को मूलभूत सुविधाओं से युक्त सुरक्षित भवनों में स्थानांतरित करने की तैयारी है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सचिन राजपूत की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों के संभाजन और स्थानांतरण के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। बैठक में कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सुभाष चंद, सपा के जिला सचिव हरेंद्र जावला, आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव सत्यप्रकाश शबारी और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अखलाख समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।