शामली। एनसीआर में शामिल शामली जिले में छह माह की देरी के बाद ईंट भट्ठे चालू करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भट्ठों पर मजदूर पहुंच चुके हैं और कच्ची ईंट पथाई का कार्य शुरू कर दिया गया है।
दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में शामिल शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद आदि जिलों में ईंट भट्ठे संचालित करने के लिए एक मार्च से सीजन शुरू करने का समय निर्धारित है। पड़ोसी जिला सहारनपुर एनसीआर क्षेत्र से बाहर है, जहां दीपावली से पहले ही ईंट भट्ठों का संचालन शुरू हो जाता है। सहारनपुर के भट्ठा व्यवसायी महंगे दामों पर ईंट उत्तराखंड के हरिद्वार, रुड़की, देहरादून, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में बेचकर अच्छा मुनाफा कमा लेते हैं। छह माह बाद जब एनसीआर क्षेत्र के जिलों में भट्ठे चालू होते हैं।
ईंट निर्माता समिति के जिला महामंत्री सुनील गोयल ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र से बाहर सहारनपुर समेत अन्य जिलों में अक्तूबर-नवंबर से भट्ठों का सीजन शुरू होकर 30 जून तक आठ-नौ माह चलता है। जबकि एनसीआर क्षेत्र के शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर जिलों में यह सीजन घटकर करीब चार माह रह गया है। संवाद