शामली। बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन और मुस्लिम समाज ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन जहां सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है, वहीं उलमाओं ने इस बार 28 मई को शहर की ईदगाह में सुबह 6:30 बजे बकरीद की नमाज अदा कराने का निर्णय लिया है।
मौलाना शौकीन ने बताया कि ईदगाह में सुबह 6:30 बजे नमाज शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी खुले में बिल्कुल न करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
झिंझाना के मौलाना आजम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति सड़कों पर नमाज अदा न करे। इससे आम लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सभी लोग ईदगाह या मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा करें और कुर्बानी भी खुले स्थानों पर न करें।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बकरीद को लेकर जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखें।