शामली। अमृत भारत योजना के तहत शामली समेत 13 रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 13 एवं 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण कर सकते हैं।
दिल्ली मंडल के यूपी के शामली-मोदीनगर और हरियाणा के जींद, नरवाणा पंजाब के मानसा समेत 13 रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना में नवीनीकरण, सुंदरीकरण और विस्तार किया गया है। 2022 में अमृत भारत योजना में शामली रेलवे स्टेशन पर नवीनीकरण और सुंदरीकरण और फुटओवर ब्रिज के निर्माण पर 25 करोड़ 50 लाख रुपये स्वीकृत करके निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक रामेश्वर दयाल मीणा ने बताया कि अमृत भारत योजना के लिए शामली-मोदीनगर रेलवे स्टेशन के लोकार्पण कार्यक्रम इसी महीने होने की उम्मीद है। 13 और 17 जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन कार्यक्रम की तिथि का निर्णय लिया जाना शेष है।
अमृत भारत योजना के साइट इंजीनियर अंकित मलिक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अमृत भारत योजना में शामिल रेलवे स्टेशन का ऑनलाइन लोकार्पण कार्यक्रम जींद में होने की तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री के ऑनलाइन कार्यक्रम शामली, मोदीनगर समेत 13 रेलवे स्टेशनों पर लाइव कार्यक्रम दिखाया जाएगा। लाइव कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शामली रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट का कार्य बाकी थी, वह भी लगकर तैयार हो चुकी है।