बिडौली क्षेत्र के गांव अजीजपुर निवासी सायरा का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
बिडौली (शामली)। क्षेत्र के गांव अजीजपुर निवासी महिला की मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर पिटाई करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों की तरफ से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई।
गांव अजीजपुर निवासी रशीद ने बताया कि उनकी बड़ी पुत्री सायरा की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर के गांव शेरपुर निवासी महकार के साथ हुई थी। वहीं उनकी दूसरी पुत्री की शादी भी उसी परिवार में अबरार के साथ की गई। रशीद का आरोप है कि 13 जून को सायरा को ससुराल वालों ने पिटाई कर घायल कर दिया। सायरा सात माह की गर्भवती थी। पिटाई के दौरान उसके पेट में भी चोट पहुंची। रशीद ने बताया कि अगले दिन वे अपनी पुत्री को ससुराल से लेकर घर पहुंचे और निजी चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक ने उसे मेरठ अस्पताल रेफर कर दिया था। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान सायरा की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर ससुराल पक्ष के लोग अजीजपुर पहुंचे। आरोप है कि मायके पक्ष के लोगों ने उन्हें कुछ देर तक बंधक बनाए रखा। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों से बात की, इसके बाद ससुराल वालों को बंधनमुक्त कराकर घर भेज दिया गया। एएसपी सुमित शुक्ला का कहना है कि परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।