जमीन के लालच में भाई ने की थी प्रमोद की हत्या
शामली, गढ़ीपुख्ता। गांव पेलखा में 10 दिन पहले रात को खेत पर गए अविवाहित 45 वर्षीय किसान की गोली मारकर हत्या करने की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि जमीन के लालच में आरोपी ने अपने छोटे भाई की हत्या की थी।
गांव पेलखा में 13 फरवरी को अविवाहित प्रमोद खेत पर गेहूं की फसल की सिंचाई करने गया था। अगले दिन सुबह 14 फरवरी को गेहूं के खेत में उसका गोली लगा शव मिला था। मृतक के बड़े भाई विनोद की तरफ से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसपी ने सर्विलांस और एसओजी टीम को थाना गढ़ीपुख्ता पुलिस के साथ खुलासे के लिए लगाया गया था। सोमवार को एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि इस हत्याकांड की गहनता से जांच करने और पुख्ता साक्ष्य के आधार पर मृतक प्रमोद के बड़े भाई विनोद को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी विनोद ने पूछताछ में बताया कि मृतक प्रमोद के नाम पर 10 बीघा जमीन है। प्रमोद अविवाहित था और पिछले कुछ समय से वह अपनी जमीन बेचने के बारे में सोच रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर जमीन के लालच में विनोद ने प्रमोद की साजिश रची। 13 फरवरी की शाम अंधेरा होने पर विनोद खेत में पहुंचा और प्रमोद के सीने पर गोली मारकर हत्या कर दी। शव को गेहूं के खेत में छोड़कर घर चला आया। आरोपी ने घर में भूसे में तमंचा छिपाकर रख दिया था। किसी को शक न हो इसके लिए सुबह प्रमोद की तलाश में अपने बेटे वरदान को लेकर पहुंचा। प्रमोद का शव मिलने पुलिस की सूचना दी थी।