कांधला। आधार कार्ड बनवाने की जानकारी करने के लिए गए युवक ने डाक कर्मचारियों पर अभद्रता करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को मोहल्ला रायजादगान निवासी दीपक कुमार पोस्ट ऑफिस में आधार कार्ड बनवाने की जानकारी करने के लिए गया था। दीपक का आरोप है कि जब उसने आधार कार्ड के बारे में जानकारी करनी चाही तो वहां मौजूद कर्मचारी ने उसके साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। लोगों के बीच बचाव कराने के बाद वह वापस जाने लगा तो आरोपी कर्मचारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पोस्ट ऑफिस से बाहर गली में फिर से गली गलौज करते हुए मारपीट की। उसे पीटते हुए पोस्ट ऑफिस में ले गए तथा उसे बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दीपक को आरोपियों से मुक्त कराया।
दीपक ने आरोप लगाया कि लोगों ने जब उसे बचाने और अभद्रता का विरोध किया तो आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी अभद्रता करते हुए गाली गलौच की और उन्हें सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराने की धमकी दे डाली। इस मामले में आरोपी कर्मचारी का कहना है कि उस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। युवक पोस्ट ऑफिस में उत्पात कर रहा था। इस मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।