शामली। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस में पूर्व में शिकायत दर्ज करवा चुकी महिलाओं से फीडबैक लिया जाएगा, जिसका मकसद महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
इसके लिए एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने स्पेशल टीम का गठन कर दिया है। टीम में शामिल पुलिस कर्मचारी महिला शिकायतकर्ताओं को फोन करेगी और उनकी समस्याओं को जानेगी। फीडबैक के दौरान अगर किसी पीड़िता द्वारा परिवार या अन्य व्यक्ति के द्वारा परेशान करने के बारे में बताया जाता है तो टीम तुरंत संबंधित पुलिस थाने को सूचित करेगी और थाना पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक द्वारा यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि घरेलू हिंसा से पीड़ित कोई महिला न्याय से वंचित न रहे। एसपी का मानना है कि इस कदम से घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक बढ़ेगा।
एसपी स्वयं करेंगे निगरानी
शामली। जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं रजिस्टर पर निगरानी रखी जाएगी। एसपी ने महिलाओं से आह्वान किया कि वह नि:संकोच होकर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी समस्या बताएं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना है, जिससे वह खुलकर आवाज उठाने में सक्षम हों। एसपी ने बताया कि फीडबैक के बाद मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी की किसी भी मामले में संस्तुति पर तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।