शामली। शहर की पॉश कालोनी में एक महिला के पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य टीम सैंपल लेने पहुंची। कालोनी वालों ने टीम को सैंपल देने से मना कर दिया। एसडीएम व सीओ के समझाने पर 16 लोगों के सैंपल लिए गए।
शहर की पॉश कालोनी निवासी महिला में एक सप्ताह पहले कोरोना के संदिग्ध लक्षण मिलने पर परिजनों ने गैर जनपद में प्राइवेट लैब में जांच कराई। बताया गया है कि जांच में महिला के सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसके बाद से महिला का उपचार गैर जनपद में चल रहा है। महिला के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिलने पर रविवार को स्वास्थ्य टीम कालोनी में सैंपल लेने पहुंची। महिला के घर के आसपास रहने वाले लोगों ने सैंपल देने से मना करते हुए टीम का विरोध किया। स्वास्थ्य टीम के समझाने पर भी लोग सैंपल देने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद एसडीएम सदर संदीप कुमार और सीओ सिटी जितेंद्र कुमार कोतवाली पुलिस के साथ कालोनी पहुंचे और लोगों को समझाया। इसके बाद टीम ने 16 लोगों के सैंपल लिए।