पंथूपुरा गांव में रास्ते पर हुआ जलभराव।
- फोटो : SHAMLI
घरों में पहुंचा तालाब का पानी, ग्रामीण परेशान
गढ़ीपुख्ता। ऊन तहसील क्षेत्र के गांव पंथूपुरा में बारिश व घरों से निकलने वाला गंदा सड़क पर भरा रहता है। इससे तालाब के आसपास घरों की नींव व दीवारें दरकने लगी हैं। इससे ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक पठानपुरा-चौसाना को जाने वाले मार्ग पर तालाब ओवरफ्लो होने से लगभग 3-4 साल से पानी भरा हुआ है। इसकी कई बार शासन-प्रशासन से ग्रामीणों ने शिकायत की। तालाब के सुंदरीकरण को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। धर्मवीर सिंह ने बताया कि गांव से चौसाना की ओर जाने वाले रास्ते पर राहगीरों को फिसलकर गिरने से काफी चोटें भी आई हैं। महेंद्र सिंह ने बताया जब अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर जाते हैं तो इसी रास्ते से होकर जाना पड़ता है। कुलजीत सिंह ने बताया इस रास्ते पर गंदगी व हर समय पानी भरे रहने मोहल्ले के लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। राममेहर, कल्लू, नरेश ने बताया कि तालाब का सुंदरीकरण कई सालों से नहीं हुआ है। जिसमें गंदगी का अंबार लगा हुआ है। घरों से निकलने वाले गंदे पानी से तालाब ओवरफ्लो हो गया है। कमलेश, अंगूरी, मित्तो ने समस्या के समाधान की मांग की है। ग्राम प्रधान अमित फौजी ने बताया तालाब को जल्द ही खोदवाया जाएगा। सड़कों व नालियों की सफाई कराएंगे।