शामली। जिले में वायु प्रदूषण से राहत मिलने के बजाय फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को 203 रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शनिवार को बढ़कर 252 पर पहुंच गया। एक दिन में 49 अंकों की बढ़ोतरी से हवा की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। सुबह से दोपहर तक हल्का कोहरा छाया रहा। इसके चलते वातावरण में धुंध का असर बना रहा। दोपहर बाद मौसम में कुछ बदलाव हुआ, लेकिन प्रदूषण से राहत नहीं मिली।
मौसम के तापमान में भी बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस था, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 29 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी अधिकतम तापमान में एक और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। तापमान बढ़ने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ।
एक सप्ताह में एक्यूआई में उतार-चढ़ाव
जिले में पिछले दिनों वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 10 नवंबर को एक्यूआई 282, 11 नवंबर को 225, 13 नवंबर को 311 और 14 नवंबर को 203 दर्ज किया गया। शनिवार को यह फिर बढ़कर 252 पर पहुंच गया। इससे साफ है कि एक दिन राहत मिलने के बाद प्रदूषण का स्तर दोबारा बढ़ गया।
ओपीडी में सांस के 90 मरीज पहुंचे
प्रदूषण और धुंध का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस संबंधी परेशानी के 90 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें खांसी, सांस लेने में दिक्कत और सीने में जकड़न की शिकायत वाले मरीज शामिल रहे। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मनोज ने बताया कि प्रदूषण और धुंध के कारण सांस संबंधी परेशानी बढ़ सकती है। अस्थमा और एलर्जी के मरीज अपनी दवाएं नियमित लेते रहें। बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम धुंध और ठंड में बाहर निकलने से बचाएं। लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
बचाव के लिए बरतें सावधानी
सुबह और शाम धुंध के दौरान बाहर निकलने से बचें।
जरूरी काम से बाहर जाते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क लगाएं।
खुले में दौड़ने और व्यायाम करने से परहेज करें।
घर में धूल और धुएं से बचाव रखें।
बच्चों और बुजुर्गों को प्रदूषण के सीधे संपर्क में न आने दें।
पर्याप्त पानी पिएं और पौष्टिक भोजन लें।
सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
रविवार को हल्की वर्षा के आसार
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय, मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि रविवार को हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के कारण सुबह और शाम धुंध का असर बना रह सकता है।