कांधला। मोहल्ला सरावज्ञान में पानी की टंकियों में दो दिन से दूषित पानी आने से मोहल्लेवासी पीने के पानी के लिए भी तरस गए हैं। सूचना पर नगर पालिका के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द ही समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन दिया।
कस्बे के मोहल्ला सरावज्ञान में लक्ष्मीनारायण मंदिर से जैन स्थानक तक घरों में दो दिन से पानी की टंकियों से बदबू वाला दूषित काला पानी आ रहा है। दो दिन से आ रहे दूषित पानी से मोहल्ले वाले काफी परेशान हैं। गंदे पानी के कारण लोग पीने के पानी से भी परेशान हो गए हैं। लोगों ने मामले की सूचना पालिका अध्यक्ष वाजिद हसन को दी। आरोप है कि काफी देर तक भी पालिका का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में वार्ड सभासद मनीष कुमार के द्वारा नगर पालिका लिपिक अकरम व अन्य कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर घरों में आ रहे पानी को दिखाया। इस मौके पर लोगों ने दो दिन से आ रहे दूषित पानी की शिकायत की। पालिका लिपिक अकरम ने जल्द ही पाइप लाइन की जांच कराकर ठीक पानी की सुचारु व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।