पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की ब्रीफिंग के दौरान डीएम जसजीत कौर, एसपी सुकीर्ति माधव व अन्य अधिकारी?
- फोटो : SHAMLI
आज मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
शामली। विधानासभा चुनाव में 10 फरवरी को होने वाले प्रथम चरण के मतदान से पूर्व मंगलवार शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। बृहस्पतिवार को मतदान होगा। जिसके लिए बुधवार को मंडी समिति परिसर से जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 1067 मतदेय स्थल के लिए 1067 पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। मतदान के लिए प्रशासन ने सभी तैयारी पूरी कर ली हैं। चुनाव को लेकर जिला प्रशासन, खुफिया तंत्र सक्रिय है।
प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम जसजीत कौर और एसपी सुकीर्ति माधव ने पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को भयमुक्त मतदान कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपदवासियों से अपील की है कि सभी मतदाता प्रथम चरण में होने वाले चुनाव में आने वाली 10 फरवरी को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर भय मुक्त मतदान करें। जिन युवाओं को मतदान करने का अवसर प्रथम बार मिल रहा है वे युवा भी अधिक से अधिक मतदान करें और लोकतंत्र के महापर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत मंडी समिति परिषद में सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, पुलिस के आलाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की गई। जिसमें निर्वाचन में लगे संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस ब्रीफिंग के दौरान एडीएम संतोष कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।