शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस
कैराना। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए कोतवाली पर ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान एवं संभावित दावेदारों के साथ कोतवाल ने बैठक की। उन्होंने चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा। हिदायत दी कि इस तरह का कोई काम न किया जाए, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
25 दिसंबर को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो गया था। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए थानों पर पूर्व प्रधान व संभावित प्रत्याशियों के साथ बैठक की जा रही है। रविवार को कोतवाली में आयोजित बैठक में कोतवाल प्रेमवीर राणा ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बैठक में सभी लोगों से क्षेत्र में होने वाले छोटे बड़े विवादों व चुनाव के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। वहीं, सभी लाइसेंसधारियों को अपने शस्त्र थाने पर जमा कराने को भी कहा। इस पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सहयोग करने का आश्वासन दिया। बैठक में ग्राम पंचायतों में पिछले चुनाव के दौरान हुए विवाद व उनके पीछे रहे कारणों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान सभी उपनिरीक्षक व पूर्व प्रधान, बीडीसी सदस्य आदि मौजूद रहे।