शामली। कोतवाली क्षेत्र के गांव काबड़ौत में हुई मोहित की हत्या का 20 दिन बीतने के बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई। खुलासे की मांग को लेकर ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर ग्रामीण एसपी आफिस पर पहुंचे और हत्याकांड के खुलासे की मांग की। एसपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव काबड़ौत में 29 सितंबर को अज्ञात ने गांव निवासी मोहित मलिक की गला रेतकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना को 20 दिन बीत गए, लेकिन आज तक इस संबंध में शामली कोतवाली पुलिस कोई खुलासा नहीं कर पा रही है। सोमवार को मोहित परिजन दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों के साथ एसपी आफिस पर पहुंचे और खुलासे की मांग की।
सीओ सिटी निशांक शर्मा व कोतवाली प्रभारी सतीश राय ने ग्रामीणों को समझाया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने तथा एसपी अजयपाल से मिलने की बात पर अड़ गए।
मामला एसपी तक पहुंचा तो उन्होंने इस संबंध में एसपी ग्रामीणों को आफिस में बुलवाकर बात की। जिस पर ग्रामीणों ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर पुलिस पर खुलासा नहीं करने का आरोप लगाया। एसपी ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।