संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने पर पकड़े गए आरोपी को चौकी से छोड़ने की शिकायत थाना समाधान दिवस में की गई। दो पुलिसकर्मियों द्वारा बाइक पर आरोपी को ले जाने का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस पहले तो आरोपी को पकड़ने से इंकार करती रही, लेकिन बाद में आरोपी के वारंट रिकॉल होना बताकर आरोपी को छोड़ा जाना बताया है।
कांधला निवासी सूजरवीर हुड्डा ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में शिकायत करते हुए बताया कि कांधला थाने की एलम चौकी क्षेत्र के गांव भनेड़ा निवासी कामिल को पुलिस ने दो दिन पहले बृहस्पतिवार को पकड़ लिया था। आरोपी के न्यायालय से किसी मामले में गैर जमानती वारंट जारी हुए थे। आरोप है कि पुलिस ने आरोपी को चौकी से दो घंटे बाद ही छोड़ दिया। शिकायतकर्ता ने इसे न्यायालय की अवमानना बताते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। इस मामले में कांधला पुलिस ने बताया कि आरोपी ने वारंट रिकॉल करा लिए थे, जिस कारण उसे छोड़ दिया गया था।