शामली। एससी-एसटी एक्ट को लेकर पड़ोसी जनपदों में हुई हिंसा के बाद अलर्ट जारी होने पर शामली जिले में पुलिस कड़ी चौकसी बरत रही है। बुधवार को भी टंकी रोड स्थित संत रविदास मंदिर के बाहर सीओ सिटी के नेतृत्व में आदर्श मंडी थानाध्यक्ष, पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ मुस्तैद रहे।
गौरतलब है कि दो अप्रैल को एससी एसटी-एक्ट के मसले पर मेरठ और मुजफ्फरनगर में हिंसा हुई। शामली में दलित समाज के लोगों ने गुरुद्वारा तिराहे पर प्रदर्शन किया था, लेकिन पुलिस की सजगता के चलते किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो पाई थी। वहीं, पड़ोसी जनपदों में हुई घटनाओं को देखते हुए आला अफसरों ने अलर्ट जारी किया, जिसके चलते शामली पुलिस भी पूरी चौकसी बरत रही है, ताकि कोई असामाजिक तत्व माहौल को बिगाड़ने की कोशिश न कर सके।
इसी कारण बुधवार को भी सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह, आदर्श मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ शामली में टंकी रोड स्थित संत रविदास मंदिर पर तैनात रहे। एहतियातन एक दमकल वाहन भी वहां रखा गया। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि माहौल पूरी तरह शांत है, लेकिन एहतियातन चौकसी बरती जा रही है। यदि कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।
कैराना में पुलिस ने पैदल मार्च किया
शामली/कैराना। आपातकाल स्थिति एवं दंगों से निपटने के लिए शामली और कैराना कोतवाली पुलिस को पुलिस अधिकारियों ने दंगा नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही शहर शामली और कैराना नगर में पैदल मार्च किया गया। बुधवार को शहर में पुलिस ने दंगा नियंत्रण के चलते प्रशिक्षण के साथ ही पैदल मार्च किया। इस दौरान एसटी तिराहे सहित पूरे नगर में पुलिस कर्मी घूमे।
एसपी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत पुलिस फोर्स बॉडी प्रोटेक्टर सहित दंगा नियंत्रण के सभी यंत्रों से लैस रही। उधर, कैराना कोतवाली परिसर में एएसपी जगदीश प्रसाद ने तमाम पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण यंत्रों के साथ एकत्र किया। एएसपी ने बताया कि दंगा या फिर कोई आपातकाल स्थिति की नौबत आती है, तो पुलिस द्वारा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना होगा।
यदि लाठीचार्ज से बात नहीं बनती है, तो फिर फायरिंग करें, लेकिन हवाई। इससे भी बात न बनें और गोली मारने की नौबत आ जाए, तो सामने वाले के पैर में गोली मारी जा सकती है। इसके बाद एएसपी ने फोर्स के साथ नगर के मुख्य पानीपत-खटीमा राजार्ग, बाजार बेगमपुरा, पीपलोतला, जोडवा कुआं, सराफा बाजार, पुराना बाजार, जामा मस्जिद, मीना बाजार आदि में पैदल मार्च कर जनता को पुलिस सुरक्षा का एहसास कराया गया।