कांधला। सहारनपुर जनपद के थाना नकुड़ क्षेत्र की एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में सहारनपुर पुलिस ने बुधवार को कांधला में आरोपी युवक के घर दबिश दी। हालांकि आरोपी घर पर नहीं मिला और मकान पर ताला लटका होने के कारण पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा।
बुधवार को थाना नकुड़ में तैनात महिला उपनिरीक्षक मनवीरी सिंह पुलिस टीम के साथ कांधला थाने पहुंचीं और स्थानीय पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस के अनुसार थाना नकुड़ क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवती की इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से थाना क्षेत्र के शिवाला मार्ग निवासी युवक से दोस्ती हो गई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी युवक युवती को अपने साथ ले गया। परिजनों का आरोप है कि 20 अप्रैल को युवती घर से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लेकर आरोपी के साथ चली गई थी। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर थाना नकुड़ में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
नकुड़ पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपी युवक के घर पर दबिश दी, लेकिन मकान बंद मिला और दरवाजों पर ताला लटका हुआ था। आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस लौट गई।