हाईकोर्ट के आदेश पर बच्चों को लेकर प्रयागराज रवाना हुई पुलिस
कैराना। एक साल पहले पति की हत्या में जेल गई पत्नी ने जमानत पर रिहा होने के बाद अपने दो बेटों को हासिल करने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली है। दोनों बच्चे अपने चाचा के पास रह रहे हैं। पुलिस दोनों बच्चों को उनके परिजनों के साथ लेकर हाईकोर्ट में प्रस्तुत करने के लिए प्रयागराज रवाना हो गई है।
सितंबर 2019 में मोहल्ला अफगानान निवासी प्रमोद की बागपत ले जाकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई मुकेश ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी व दूसरे वर्ग के दो युवकों को जेल भेज दिया था, जबकि मृतक प्रमोद के आठ साल व पांच साल के बेटे कैराना में अपने चाचा मुकेश के साथ रह रहे थे। साढे पांच माह जेल में रहने के बाद आरोपी पत्नी जमानत पर जेल से बाहर आ गई, जिसके बाद उसने ने हाईकोर्ट में अपने दोनों बेटों को वापस लेने के लिए याचिका दायर की थी। मामले में हाईकोर्ट ने कैराना पुलिस को दोनों बच्चों को कोर्ट में प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे, जिसके बाद एसआई सुशील कुमार दोनों बच्चों को उनके परिजनों के साथ लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि बुधवार (आज) को पुलिस दोनों बच्चों को कोर्ट में प्रस्तुत करेगी। बच्चों के बारे में कोर्ट के आदेश का पालन कराया जाएगा।