शामली जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें जिला बदर अपराधी चमन पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने मौके से हथियार और बाइक बरामद की है।
शामली जनपद में झिंझाना थाना क्षेत्र के ऊन रोड पर मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में सींगरा गांव का जिला बदर अपराधी चमन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
सीओ श्याम सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ऊन रोड पर कुछ बदमाश किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में चमन घायल हो गया।
मौके से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार चमन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, लूट, चोरी और हत्या के प्रयास सहित 11 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।