बिडौली चैक पोस्ट पर चैकिंग करती पुलिस
बिड़ौली (शामली)। हरियाणा से ट्रैक्टर ट्राॅली में लाए जा रहे दस ड्रम में भरे करीब दो हजार लीटर डीजल को बिड़ौली चेक पोस्ट पर पुलिस ने तस्करी के शक में पकड़ा है। पुलिस ने आपूर्ति विभाग को सूचना दी है।
शनिवार दोपहर बाद बिड़ौली चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने हरियाणा से लाए जा रहे 10 ड्रम में करीब दो हजार लीटर डीजल ट्रैक्टर ट्राॅली से ले जाते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पकड़े एक व्यक्ति ने बताया वह हरियाणा के ढाबों पर ट्रक चालकों द्वारा उतारे गए डीजल को इकट्ठा करके लाता है और कैराना क्षेत्र के गांव बराला व अन्य आसपास के गांवों में सप्लाई करता है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए डीजल के बारे में आपूर्ति विभाग को सूचना दे दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।