कैराना। गांव पंजीठ में एक की रात में तीन स्थानों पर चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने चार दिनों का समय मांगा है। भाकियू नेताओं ने चार दिन में चोरी की घटनाओं का खुलासा ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गत 9 नवंबर की देर रात गांव पंजीठ में भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह सैनी के पिता नकली सिंह सैनी के आश्रम सहित तीन ग्रामीणों के घरों पर बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों रुपये की कीमत के जेवरात व नगदी चोरी कर ली थी। उसी दिन भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान ने खुलासा नहीं होने पर 15 नवंबर को कोतवाली में धरना प्रदर्शन कर आंदोलन की चेतावनी दी थी। बृहस्पतिवार को अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी श्याम सिंह व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत पंजीठ स्थित आश्रम पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान और चोरी प्रकरणों के पीड़ितों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी प्रकरण में उनको कुछ सुराग हाथ लगे है। जिस कारण उन्हें खुलासे के लिए चार दिन का समय दिया जाए।