शामली। यौन शोषण मामले में न्यायालय का फैसला आने पर आसाराम के अनुयायी मायूस हो गए। बुधवार सुबह से ही आसाराम के अनुयायी न्यायालय के फैसले को लेकर टीवी न्यूज चैनलों पर समाचार देखते रहे। दोपहर में न्यायालय का आदेश आने पर अनुयायी मायूस हो गए। वहीं, शामली में सहारनपुर रोड स्थित आसाराम के आश्रम पर पुलिस भी अलर्ट रही।
आसाराम के अनुयायी शामली जिले में भी काफी है। एक दिन पूर्व से ही यह सूचना प्रसारित हो गई थी कि आसाराम के खिलाफ चल रहे मुकदमे में न्यायालय का फैसला बुधवार को आएगा। इसी के चलते सुबह से ही आसाराम के अनुयायी टीवी न्यूज चैनलों पर समाचार देखने में लगे रहे।
दोपहर में न्यायालय का फैसला आया और आसाराम को उम्रकैद सुनाई गई। इसके बाद आसाराम के अनुयायी मायूस हो गए। आसाराम के अनुयायी सुशील निवासी मोहल्ला बड़ी माता मंदिर, अस्पताल परिसर निवासी उमाशंकर भट्ट, आर्यपुरी निवासी सरिता, राजीव, शांतनु शर्मा और महिमा ने आसाराम बापू को उम्रकैद होने पर मायूसी जताई। उन्होंने अदालत के फैसले पर कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया, लेकिन आसाराम बापू को सजा होने पर दुख जरूर प्रकट किया।
उधर, आशंका के चलते बुधवार सुबह से ही पुलिस भी अलर्ट रही। शामली में सहारनपुर रोड पर साईंधाम के पास आसाराम का आश्रम है। पुलिस को सूचना मिली कि वहां पर कुछ अनुयायी इकट्ठा हो सकते हैं, जिसके चलते उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आदर्श मंडी थाना पुलिस आश्रम पर पहुंच गई, तब वहां पुलिस को आसाराम का कोई अनुयायी नहीं मिला।