कांधला। पाइप लाइन में लीकेज से ग्रामीणों के मकानों की नीव में पानी भर गया। जिससे आधा दर्जन से अधिक मकानों में दरार आ गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है।
सोमवार को थानाक्षेत्र के गांव गंगेरू के मजरा गढ़ी दौलत में करीब एक वर्ष पूर्व जल निगम ने पानी की टंकी लगवाई थी। ग्रामीणों ने बताया कि मानक के अनुसार काम नहीं होने के कारण पाइप लाइन में लीकेज हो गया। जिससे कई घरों की नींव में पानी भरता जा रहा है। ग्रामीण साजिद, कौशर, आरिफ, इलयास आदि का कहना है कि पानी रिसाव के कारण मकानों में दरार आ रही गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बाद भी कोई अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। मकानों में ज्यादा दरारें आने के कारण साजिद व कौशर ने किसी अनहोनी के होने की आशंका के चलते मकानों में रहना बंद कर दिया है। दोनों परिवार अपने चचेरे भाइयों के घर में रह रहे हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए दो दिन पूर्व गांव में पानी की टंकी को बंद करा दिया था और अधिकारियों से मामले की शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की है।
शिकायत के बावजूद भी कार्रवाई न होने पर मंगलवार को ग्रामीणों ने जल निगम के खिलाफ हंगामा प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने डीएम सुजीत कुमार से संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई कर पाइप लाइन को बदलवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही उक्त पाइप लाइन नहीं बदली गई, तो ग्रामीण डीएम कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होंगे। इस दौरान सादिक, इशाद, अब्बास, विपिन, सुधीर, इशाक, बिलाल, भूरा, रणबीर, विजयपाल, शब्बीर सहित आदि ग्रामीण मौजूद रहे।