ऊन। कस्बे में स्थित कपड़ों की दुकान में आग लगने के कारण लाखों का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा ऊन के मेन बाजार में कमल पुत्र रतिराम निवासी लव्वादाउदपुर कपड़ों की दुकान चलाता है। सोमवार रात किसी अज्ञात ने उसकी दुकान में शटर के नीचे से तेल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। धुएं के कारण दुकान के अंदर गैस बन गई और दुकान का शटर धमाके के साथ टूट गया।
धमाके की आवाज सुनकर पास में ही रहने वालों को घटना की जानकारी लगी। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझती, तब तक दुकान के अंदर रखे सभी कपड़े जल गए। घटना के बाद बाजार में व्यापारियों में पुलिस के प्रति काफी रोष है। इससे पहले भी बाजार में अज्ञात व्यक्ति के द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
पीड़ित ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वहीं, लोगों को दुकान के अंदर एक पाइप मिला। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दुकान के अंदर पाइप डाला और उसके माध्यम से तेल अंदर तक पहुंचा और फिर आग लगा दी।