शामली में चौसाना के थानाभवन मार्ग के गांव गढ़ी हसनपुर बाईपास पर तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें सवार 25 लोग घायल हो गए। सभी हरियाणा के करनाल में वेटर का काम कर लौट रहे थे। हादसे में 11 की हालत गंभीर है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन में पांथुपूरा व दथेड़ा के करीब 25 लोग सवार थे जो करनाल में शादी समारोह में वेटर का काम करते हैं। रोजाना की भांति करनाल से वेटर का काम कर अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही थानाभवन मार्ग के गांव गढ़ी हसनपुर के बाईपास के निकट पहुंचे तो तेज रफ्तार होने के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम करने वाले किसान दौड़े और पिकअप में फंसे लोगों को किसी तरह निकाला।