शामली बाईपास के पास जलालाबाद के पूर्व चेयरमैन के बेटे को दो कारों में सवार जबरन पकड़कर ले गए। अपहरण का शोर मच गया, जिसके बाद जाम लगाकर हंगामा प्रदर्शन हुआ। छानबीन में पता चला कि उसको हरियाणा पुलिस किसी मामले के संबंध में पकड़ कर ले गई है।
बृहस्पतिवार शाम जलालाबाद के पूर्व चेयरमैन रईस सैफी अपनी पत्नी, चार पुत्रियों तथा दो पुत्रों व दामादों के साथ कैराना स्थित अपने समधी के यहां आए थे। कैराना से जलालाबाद लौटते समय जब वह शामली बाईपास के नजदीक पहुंचे, तो दो कार सवारों ने उनकी कार रुकवा ली।
चेयरमैन का बेटा परवेज सैफी कार चला रहा था। दोनों कारों से उतरे युवकों ने परवेज सैफी को पकड़ा और जबरदस्ती अपनी कार में डालकर पानीपत की तरफ ले गये। इससे अपहरण का शोर मच गया और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने हंगामा प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। सरेआम अपहरण होने की सूचना से पुलिस में हडकंप मच गया।
कैराना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बाद में रईस सैफी और उनके परिवार की महिलाएं कैराना कोतवाली आ गई। कोतवाली प्रभारी एमएस गिल ने हरियाणा पुलिस से सम्पर्क करने के बाद बताया कि परवेज सैफी को करनाल जिले के थाना मधुबन की पुलिस किसी मामले में पकड़ कर ले गई है।
इसके बाद पूर्व चेयरमैन के साथ कैराना कोतवाली से एक उपनिरीक्षक मधुबन थाने (हरियाणा) भेज दिया गया।
हार भी लूटने का आरोप ः पूर्व चेयरमैन की पुत्रियो ने कैराना कोतवाली पहुंचने पर बताया कि कार सवार युवकों ने परवेज को उठाने के साथ ही उनके गले से 10 ताले सोने का हार भी लूट लिया ।
रिपोर्ट लिखवाने को हंगामा ः कैराना पुलिस ने जब परवेज सैफी के परिजनो को मधुबन जाने को कहा तो महिलाओं ने कहा कि कैराना थाना क्षेत्र से अपहरण हुआ है। हमारी और से अपहरण का मुकदमा लिखो। जिसके बाद कोतवाली प्रभारी ने तहरीर लिखकर देने के लिए कहा।