शामली। यूपी बोर्ड की परीक्षा 35 केंद्रों पर शांतिपूर्वक व नकलविहीन आयोजित हुई। बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट की संगीत और भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा में सभी केंद्रों पर 181 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, पेपर परीक्षार्थियों ने कठिन बताया। किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं मिला।
जिला विद्यालय निरीक्षक जेएस शाक्य ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह की पॉली में इंटर संगीत विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा में केवल एक छात्रा ने बाबू जवान सिंह इंटर कॉलेज खंद्रावली में परीक्षा दी। वहीं दूसरी पॉली में इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा में सभी केंद्रों पर 5310 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे, 181 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और 5129 ने परीक्षा दी। डीआईओएस ने बताया कि सभी केंद्रों पर कंट्रोल रूम के अलावा बोर्ड स्थित कंट्रोल रूम से भी केंद्रों पर नजर रखी गई।
उन्होंने बताया कि जरा सी भी लापरवाही होने पर बोर्ड से कंट्रोल रूम में तुरंत कॉल आ जाती है, जिसके बाद केंद्र व्यवस्थापकों को आगाह कर दिया जाता है। दोनों सचल दलों ने केंद्रों पर पहुंचकर चेकिंग की, लेकिन किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं मिला।
परीक्षा छूटने पर कुछ छात्रों से बात की गई तो उन्होंने पेपर काफी कठिन बताया। छात्र वंश ने बताया कि बहुविकल्पीय प्रश्न तो आसान रहे, लेकिन बड़े प्रश्न काफी कठिन रहे, उसे अच्छे नंबर की उम्मीद नहीं है। वहीं छात्र दीपांशु ने बताया कि पांच अंक वाले प्रश्न कुछ कठिन थे, इतनी उम्मीद नहीं थी कि पेपर कठिन आएगा। उसे केवल 50 नंबर आने की उम्मीद है।