संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। परिषदीय विद्यालयों में पूर्ण यूनिफॉर्म में सबसे अधिक उपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं का कक्षा के बाहर ड्रेस में फोटोग्राफ लगाया जाएगा। इसका खर्च विद्यालयों को मिलने वाली कंपोजिट ग्रांट से वहन किया जाएगा। इससे अन्य बच्चे भी यूनिफॉर्म पहनकर आने के लिए प्रेरित होंगे।
विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूता, मोजा और स्कूल बैग खरीदने के लिए सरकार की ओर से अभिभावकों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर-डीबीटी- के माध्यम से बाहर सौ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाती है। बहुत से अभिभावक पैसे मिलने के बाद भी समय से बच्चों की यूनिफॉर्म नहीं खरीदते हैं। इस पर महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि वह अभिभावकों को जागरूक करें, ताकि वह इस राशि से बच्चों की यूनिफॉर्म और स्टेशनरी की खरीद सुनिश्चित करें। इसी के तहत परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को यूनिफॉर्म पहनने के लिए प्रेरित करने की नई पहल की जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लता राठौर ने बताया कि यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय आने वाले छात्रों के फोटोग्राफ कक्षा के बाहर लगाए जाएंगे। इससे अन्य छात्र-छात्राएं भी यूनिफॉर्म में आने के लिए प्रेरित होंगे।