रेलवे सुविधाओं के लिए उच्च न्यायालय में दाखिल होगी याचिका
शामली। दिल्ली- शामली, सहारनपुर रेलवे के दोहरीकरण कराने और मेट्रो ट्रेनों का संचालन करने, करनाल-शामली और मेरठ-पानीपत नई रेलवे लाइन की स्थापना को लेकर प्रयागराज उच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की जाएगी।
शामली के काकानगर निवासी इंजीनियर वीरेद्र सिंह बालियान ने केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के राज्यपाल को एक ज्ञापन भेजा। अवगत कराया कि दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग का दोहरीकरण पिछले कई सालों से लंबित चल रहा है। दोहरीकरण का तत्कालीन रेलवे राज्यमंत्री मनोज सिन्हा शिलान्यास कर चुके हैं। इस रेलवे ट्रैक पर लंबी दूरी की ट्रेनों का अभाव है। एकल रेलवे मार्ग होने से सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दिल्ली-शामली, सहारनपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण, मेरठ-पानीपत और करनाल से शामली होते हुए बिजनौर तक नया रेलवे ट्रैक बिछाने, दिल्ली से शामली मेट्रो चलाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वह शीघ्र ही रेलवे की सभी समस्याओं को लेकर उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दाखिल करके जनसुविधाएं उपलबध करने की मांग करेंगे।