शामली। जिले में सुबह से लेकर दिनभर धूप निकलने से उमस बनी रही। उमस भरी गर्मी में लोग परेशान रहे। अधिकतम तापमान छठे दिन भी स्थिर रहा जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
बारिश न होने से लोगों को गर्मी व उमस से राहत नहीं मिल रही है। सोमवार को सुबह को कुछ देर के लिए बादल छाए रहे। बादलों को देखकर बारिश होने की उम्मीद बन गई थी लेकिन आठ बजे धूप निकलने पर गर्मी बन गई। दोपहर को तेज धूप व उमस के कारण लोग पसीने की चिपचिपाहट बनी रहने से लोग परेशान रहे। गर्मी से बचने के लिए लोग छांव की तलाश में रहे। पिछले 24 घंटे में तापमान की स्थिति देखे तो अधिकतम तापमान छठे दिन भी 33 डिग्री सेल्सियस स्थिर रहा जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम होकर 27 डिग्री सेल्सियस रहा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि बुधवार को बादल छाने और बारिश होने के आसार है।