बृहस्पतिवार को गुरुद्वारा तिराहे पर लगा भीषण जाम।
- फोटो : SHAMLI
शामली। बृहस्पतिवार दोपहर शहर के लोग जाम से जूझते रहे। धीमानपुरा फाटक दस मिनट के लिए बंद हुआ तो वाहनों की कतार लग गईं। इसके साथ ही गुरुद्वारा तिराहा और मेरठ-करनाल हाईवे पर भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। गुरुद्वारा तिराहे से एसडी तिराहे तक भीषण जाम के कारण लोग बेहाल रहे।
मेरठ-करनाल हाईवे पर दिवाली के अवसर पर किया गया रूट डायवर्जन अब खत्म कर दिया गया है। इससे भारी वाहन शहर से होकर जाने लगे हैं। इसके चलते बृहस्पतिवार को हाईवे पर जाम लगा रहा। विजय चौक से मुंडेट तक वाहनों की कतार लगी रही। इस दौरान यात्रियों को डेढ़ से दो किमी पैदल चलकर रोडवेज बस स्टैंड तक पहुंचना पड़ा। दोपहर से शाम तक जाम के हालात बने रहे। कभी ट्रैफिक शुरू हो जाता तो कभी 15 मिनट और आधे घंटे के लिए जाम लग जाता।
इसके साथ ही दोपहर में मालगाड़ी गुजरने के दौरान धीमानपुरा फाटक दस मिनट के लिए बंद हुआ। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और फाटक खुलने के बाद वाहन फंस गए। इस दौरान आई गन्ना बुग्गियों से हालात और ज्यादा खराब हो गए। शिव चौक से लेकर धीमानपुरा फाटक तक करीब दो घंटे जाम लगा रहा।
इससे आगे गुरुद्वारा तिराहे पर बाईपास से आने वाले वाहनों के अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहनों के कारण जाम लग गया। जाम ने पूरे बाईपास को अपनी चपेट में ले लिया तथा दूसरी तरफ एसटी तिराहे तक वाहनों की कतार लग गई। करीब ढाई से तीन घंटे बाद ट्रैफिक चल पाया। करीब पांच बजे ट्रैफिक सामान्य हो सका। इस दौरान दुपहिया वाहन चालक भी जाम से बाहर नहीं निकल पाए।