संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में भीषण गर्मी और गर्म हवा चलने से लोग बिलबिला उठे। लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होकर 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मंगलवार को सुबह से ही धूप निकली। एक बार कुछ देर के लिए बादल छा गए, लेकिन उसके बाद फिर से चिलचिलाती धूप निकली। धूप के साथ ही गर्म हवा चलती रही, जिससे लोग बेहाल रहे। दोपहर के समय लोग घर से बाहर नहीं निकले। सड़कें व बाजार में सूनापन छाया रहा, जो लोग घर से बाहर निकले, वे धूप से बचने के लिए सिर व मुंह पर कपड़ा लपेटकर और छाता लगाकर जाते हुए दिखाई दिए।सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहने और तापमान बढ़ने के आसार हैं।
पानी की बोतल साथ रखें, तरल पदार्थों का सेवन ज्यादा करें
शामली। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि धूप में लगातार ज्यादा देर तक न रहे। अगर कहीं जा रहे हैं तो पानी की बोतल साथ में रखे और थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें। तरल पदार्थों शिकंजी, छाछ आदि का सेवन ज्यादा करें। मौसमी फल खीरा, खरबूजा, तरबूज, लीची, नारियल, पपीता आदि का सेवन करें।